जेडीयू नेता और बिहार सरकार में भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने आरजेडी नेता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के खिलाफ लीगल नोटिस भेजा है। बताया जा रहा है कि जदयू नेता ने नोटिस भेजते हुए तेजस्वी पर आरोप लगाया कि पिछले दिनों फर्जी वीडियो डालकर उन्हें बदनाम करने की साजिश की गई। उन्होंने कहा कि मेरे बयान के साथ तकनीकी छेड़छाड़ कर अपशब्द कहने की बात कही गई थी।
जिसका प्रमाण मैंने असली वीडियो जारी कर पहले ही दे दिया है। मंत्री ने आरजेडी नेता को 10 घंटे की मोहलत देते हुए माफी मांगने की बात कही है। जेडीयू नेता ने कहा कि अगर तेजस्वी अगले 10 घंटों में माफी नहीं मांगते हैं और सोशल मीडिया पर डाले गए सभी पोस्ट अगर नहीं हटाते हैं तो उन पर मानहानि का केस करुंगा।
जानकारी मिली है कि अशोक चौधरी ने इस बात की जानकारी अपने ट्विटर अकाउंट पर भी दी है और लिखा, समाज और मेरी छवि धूमिल करने के उद्देश्य से नेता प्रतिपक्ष ने जो हरकत की है, मैं उसके जवाब में लीगल नोटिस भेज रहा हूं। नेता प्रतिपक्ष जनता से या तो माफी मांगे अन्यथा हम कानूनी रुख अख्तियार करने को बाधित होंगें।
समाज और मेरी छवि धूमिल करने के उद्देश्य से नेता प्रतिपक्ष ने जो हरकत की है, मैं उसके जवाब में लीगल नोटिस भेज रहा हूँ। नेता प्रतिपक्ष जनता से या तो माफी मांगे अन्यथा हम कानूनी रूख अख़्तियार करने को बाधित होंगें।अशोक चौधरी ने यह भी कहा कि राजनीतिक जीवन में मैंने कभी किसी को अपशब्द कहकर संबोधित नहीं किया है । बहुत मुश्किल से हमने प्रतिष्ठा कमाई है। ऐसे में कोई जानबूझकर अगर बदनाम करने की कोशिश करेगा तो उस पर कार्रवाई जरूर करुंगा।
तेजस्वी ने वीडियो जारी कर अपशब्द कहने का लगाया था आरोप
आपको बता दें कि पिछले दिनों तेजस्वी यादव ने आरजेडी नेता शिवचंद्र राम के पोस्ट को रीट्वीट करते हुए अपशब्द कहने का आरोप लगाया था और कहा था कि अशोक चौधरी ने जानबूझकर अपशब्द का प्रयोग किया है।
ट्विट करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान आदरणीय @NitishKumar जी को सदबुद्धि दें। सब जानते है गाली के शब्द नीतीश जी के है लेकिन मुँह किसी और का हैं । वो दिन भर हमें करोड़ों गालियाँ दें और दिलवाए लेकिन कृपया विधि व्यवस्था ठीक कर बिहार को उद्योग, बेरोजगार युवाओं को नौकरी, श्रमिकों को रोज़गार, सम्मान और राशन अवश्य दें।
आपको बता दें कि वीडियो वायरल होने के बाद अशोक चौधरी ने इसे फर्जी करार देते हुए ओरिजिनल वीडियो जारी कर अपनी बात रखी थी और तेजस्वी यादव पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया था।

0 Comments