बिहार के कटिहार से एक बहुत बङी खबर सामने आ रही है। आपको बता दें कि अपने विवादित बयानों के कारण अक्सर सुर्खियां बटोरने वाले पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू मुश्किलों में घिर गए हैं। इसका कनेक्शन बिहार के कटिहार से है और कटिहार पुलिस पिछले तीन दिनों से सिद्धू से पूछताछ करने के लिए अमृतसर में डेरा डाले हुए है। बताया जा रहा है कि अभी तक वे सामने नहीं आए हैं। कटिहार के बारसोई थाना कांड संख्या 93/ 19 में सिद्धू पर आरोप है कि 16 अप्रैल 2019 को कांग्रेस प्रत्याशी तारिक अनवर के पक्ष में चुनाव प्रचार कर ने के दौरान भड़काऊ भाषण दिया था।
कटिहार एसपी ने कही ये बात
कटिहार के आरक्षी अधीक्षक विकास कुमार ने कहा कि इसी कांड के जांच हेतु कांड के जांच अधिकारी जनार्दन राम और जावेद आलम को अमृतसर भेजा गया है। फिलहाल 3 दिनों से यह दोनों अधिकारी अमृतसर में ही हैं, लेकिन आज तक कांड के आरोपी नवजोत सिंह सिद्धू फरार हैं, फिलहाल दोनों अधिकारी कांड के अनुसंधान में जुटे हुए हैं।
वर्ष 2019 में दिया ता विवादित बयान
एसपी ने बताया कि नवजोत सिंह सिद्धू ने कटिहार में चुनाव प्रचार के दौरान बलरामपुर विधान सभा में विवादित भाषण दिया था। बताया जा रहा है कि इसमें उन्होंने संबोधित करते हुए मुस्लिम मतदाताओं से कहा था कि 'आप (मुस्लिम समुदाय) यहां अल्पसंख्यक होकर भी बहुसंख्यक हैं। आप अगर एकजुटता दिखाएंगे तो आपके प्रत्याशी तारिक अनवर को कोई भी नहीं हरा सकता है।'
सिद्धू पर भावनाएं भड़काने काआरोप
सिद्धू ने भाषण के दौरान कहा, 'आपकी आबादी यहां 64 फीसदी है। यहां के मुसलमान हमारी पगड़ी हैं। अगर आपको कोई दिक्कत हो तो मुझे याद करना। मैं पंजाब में भी आपका साथ दूंगा।' सिद्धू ने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा, 'ये लोग आपको बांट रहे हैं। मुसलमानों को बांट रहे हैं। ओवैसी जैसे लोगों को लाकर वोट बांट कर जीतना चाहते हैं।'
पंजाब पुलिस के सहयोग से कार्रवाई
इसके साथ ही उन्होंने कहा, 'आप लोग इकठ्ठे होकर 64 फीसदी के साथ आए तो सब उलट जाएंगे और मोदी सलट जाएंगे। इस बार के चुनाव में ऐसा छक्का मारो कि मोदी बाउंड्री से पार चला जाए।' सिद्धू के इस बयान पर कई नेताओं ने आपत्ति दर्ज की थी और बारसोई थाने में केस दर्ज किया गया था। अब कटिहार पुलिस इसी मामले में पंजाब के स्थानीय थाना के पुलिस के सहयोग से कार्रवाई में जुट गई है।

0 Comments