राष्ट्रीय जनता दल के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव का आज मनाया जाएगा जन्मदिन


पटना :  राजनीतिक दिग्गज लालू प्रसाद यादव! यह ऐसा नाम है जो न सिर्फ बिहार की राजनीति के सर्वाधिक लोकप्रिय नेताओं में गिने जाता है, बल्कि देश-विदेश में भी लालू यादव  चर्चा के केंद्र में रहते आए हैं।आपको बता दें कि हर बार कभी अपने राजनीतिक स्टैंड को लेकर तो कभी अपनी बेबाकी और मसखरेपन के लिए वे हमेशा काफी चर्चा में रहते हैं । जयप्रकाश नारायण के आंदोलन से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत करने वाले लालू यादव का जन्म 11 जून 1948 को बिहार के एक निम्‍न मध्‍यवर्ग परिवार में हुआ था। जानकार मानते हैं कि राजनीति विज्ञान के छात्र रहे लालू जनता के मन का विज्ञान भी पढ़ना जानते हैं।  यही कारण है कि उनकी राजनीति को समझना हर किसी के लिए संभव नहीं रहा। 

जैसा कि आप सभी जानते हैं दो बार मुख्यमंत्री, लोकसभा सांसद, राज्यसभा सांसद और कैबिनेट मंत्री रह चुके लालू प्रसाद फिलहाल चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता हैं और रांची के होटवार जेल में बंद हैं। वे लोगों के बीच भले न हों, लेकिन उनके किए कई ऐसे काम हैं, जो आज भी सुर्खियों में रहते हैं। 

आडवाणी का रथ रोक फेमस हुए लालू

बीजेपी के कद्दावर नेता लालकृष्ण आडवाणी की राम रथ यात्रा 23 अक्टूबर 1990 को बिहार के समस्तीपुर से गुजर रही थी। लेकिन, इस रथ यात्रा का पहिया लालू प्रसाद यादव ने रोक दिया था। आपको बता दें कि आडवाणी को गिरफ्तार कर लिया गया और लालू यादव रातों-रात सेक्यूलर राजनीति के बड़े नेता बन गए।

जनता दल की सरकार गिरने से बचाई

1990 में ऐसा लग रहा था कि केंद्र में वीपी सिंह की सरकार गिर जाएगी। कयास लगाए जा रहे थे कि देवीलाल वीपी सिंह सरकार से समर्थन वापस ले लेंगे।  हालांकि, लालू यादव को देवीलाल के साथ माना जा रहा था, इसके बावजूद वह रातों-रात दिल्ली पहुंचे और वीपी सिंह को एक ऐसा फॉर्मूला दिया जिसके बाद देवीलाल चाहकर भी समर्थन वापस नहीं ले पाए।

आपको बता दें कि यही वक्त था जब वीपी सिंह ने अपनी सरकार बचाने के लिए मंडल आयोग की सिफारिश को लागू किया और पिछड़ों के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया। दरअसल, देवीलाल पिछड़ों का नेतृत्व करते थे, ऐसे में वीपी सिंह से मंडल आयोग की सिफारिशों को लागू करवाकर लालू ने उनकी छवि एक पिछड़े नेता के रूप में स्थापित कीया।

राबड़ी देवी को बना दिया बिहार का सीएम

वर्ष 2000 में आय से ज्यादा संपत्ति का आरोप लगा. इन आरोपों के बीच जब लालू ने जेल जाते वक्त सत्ता राबड़ी को सौंपी तो भी कई सवाल उठे, लेकिन लालू यादव ने कभी उसकी परवाह नहीं की। दरअसल, 1997 में जब उन्हें लगा कि वह चारा घोटाला मामले में जेल चले जाएंगे तो उन्होंने रातों-रात अपनी पत्नी राबड़ी देवी को मुख्यमंत्री बना दिया। आपको बता दें कि इसके बाद राबड़ी देवी 2005 तक बिहार की तीन बार मुख्यमंत्री बनीं।

नीतीश को गले लगाकर चौंकाया

कभी नीतीश कुमार और लालू यादव की दोस्ती बेहद गहरी थी। हालांकि, बाद के दौर में दुराव हुआ और नीतीश कुमार ने लालू परिवार को सत्ता से बेदखल कर दिया।  लेकिन, राजनीति के माहिर लालू यादव ने वर्ष 2015 के विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार से दोस्ती कर ली।

 आपको यह भी बताते चलें कि आरजेडी और जेडीयू ने साथ चुनाव लड़ा और दोनों ने कांग्रेस के साथ मिलकर 243 विधानसभा सीटों में से 178 सीटें जीतीं थी। यह भारत की राजनीति का एक बड़ा घटनाक्रम है, जिसने मोदी लहर पर ब्रेक लगा दी थी।

लालू का चरवाहा विद्यालय आज भी किया जाता है याद
लालू प्रसाद यादव ने अपने मुख्यमंत्री काल में 150 चरवाहा विद्यालय खुलवाए, ताकि चरवाहे उस समय पढ़ाई कर सकें जब उनके मवेशी चर रहे हों। जाहिर है यह एक अनोखा प्रयोग था और यह सुर्खियों में भी रहा था।

Post a Comment

0 Comments