जवानों ने लद्दाख के खारदुंग ला में बर्फ की चादर पर 18,000 फीट की ऊंचाई


जैसा कि आप सभी जानते हैं दुनियाभर में कोरोना वायरस संकट के बीच आज आंतरारष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। इस दौरान भारत-चीन सीमा पर तैनात जवानों ने योगा किया। आइटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) के जवानों ने लद्दाख के खारदुंग ला में बर्फ की चादर पर 18,000 फीट की ऊंचाई और उत्तराखंड में बद्रीनाथ के पास वसुधारा ग्लेशियर पर 14,000 फीट की ऊंचाई पर योग किया। आपको बता दें कि अरुणाचल प्रदेश में आइटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) पशु प्रशिक्षण स्कूल (एटीएस), लोहितपुर के कर्मियों ने आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर घोड़ों के साथ योग किया। आइटीबीपी के जवानों ने उत्तरी सिक्किम में 18,800 फीट की ऊंचाई पर योग किया।

आपको बता दें कि कोरोना मद्देनजर लोग एक जगह एकत्र नहीं हो सकते, ऐसे में इस साल योग दिवस पर कोई सामूहिक आयोजन नहीं हो रहा है। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों की जोड़ने की तैयारी है। इस आयोजन की थीम 'घर पर करें योग और परिवार के साथ करें योग' है। गौरतलब है कि पीएम मोदी के पहल पर 2015 से हर साल 21 जून को योग दिवस मनाया जा रहा है। 

जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने योग दिवस पर योग करते हुए लोगों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की बधाई दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ' सभी को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की बधाई! प्राचीन योग विज्ञान मानवता को भारत का अमूल्य उपहार है। मुझे प्रसन्नता है कि अधिकाधिक लोग योग को जीवन में अपना रहे हैं। संघर्ष व तनाव के बीच, विशेष रूप से कोविड-19 के इस दौर में, शरीर को स्वस्थ व मन को शांत रखने में योगाभ्यास सहायक सिद्ध होगा।'

घर से योग करने के आयुष मंत्रालय के दिशानिर्देशों को ध्यान में रखते हुए योग दिवस पर फिट इंडिया अभियान के तहत ऑनलाइन योग सत्र ‘फन, फैमिली योगा’का  आज शाम पांच बजे शुरू होगा। खेल मंत्री किरन रिजिजू  इस सत्र में अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के साथ हिस्सा लेंगे। आपको बता दें कि विश्व चैंपियन मुक्केबाज मैरी कॉम, शूटर अंजुम मौदगिल भी इस सत्र में हिस्सा लेंगे। फिट इंडिया के ऑफिशियल यूट्यूब पेज पर इसका प्रसारण होगा। 

इसी बीच उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने रविवार को कहा कि लोगों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होना चाहिए ताकि वे कोरोना वायरस के खिलाफ एकजुट लड़ाई लड़ सकें। उन्होंने यह भी कहा कि योग हमारे जीवन में महामारी के पैदा हुए तनाव का एक प्रभावी समाधान हो सकता है। समाचार एजेंसी पीटीआइ के अनुसार उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में योग अवसाद, चिंता और तनाव जैसी समस्याओं से प्रभावी ढंग से निपटने में मदद कर सकता है। उन्होंने जीवन शैली से जुड़ी बीमारियों में वृद्धि पर चिंता व्यक्त की।

आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर देशवासियों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'हमारे यहां कहा गया है- युक्त आहार विहारस्य, युक्त चेष्टस्य कर्मसु। युक्त स्वप्ना-व-बोधस्य, योगो भवति दु:खहा।। यानी सही खान-पान, सही ढंग से खेल-कूद, सोने-जागने की सही आदतें, और अपने काम, अपनी ड्यूटी को सही ढंग से करना ही योग है। उन्होंने कहा, 'गीता में भगवान कृष्ण ने योग की व्याख्या करते हुए कहा है- 'योगः कर्मसु कौशलम्’अर्थात्, कर्म की कुशलता ही योग है।'

पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि एक सजग नागरिक के तौर पर हम परिवार और समाज के रूप में एकजुट होकर आगे बढ़ेंगे। हम प्रयास करेंगे कि 'योगा एट होम और योगा विद फैमिली' को अपने जीवन का हिस्सा बनाएंगे। हम जरूर सफल होंगे। हम जरूर विजयी होंगे।

पीएम मोदी ने कहा, ' स्वामी विवेकानंद कहते थे- 'एक आदर्श व्यक्ति वो है जो नितांत निर्जन में भी क्रियाशील रहता है, और अत्यधिक गतिशीलता में भी सम्पूर्ण शांति का अनुभव करता है।किसी भी व्यक्ति के लिए ये एक बहुत बड़ी क्षमता होती है।'

 पीएम मोदी ने कहा, ' बच्चे, बड़े, युवा, परिवार के बुजुर्ग, सभी जब एक साथ योग के माध्यम से जुडते हैं, तो पूरे घर में एक ऊर्जा का संचार होता है। इसलिए, इस बार का योग दिवस, भावनात्मक योग का भी दिन है, हमारी  फैमिली बॉन्डिंग को भी बढ़ाने का दिन है।'

 पीएम मोदी ने इससे पहले कहा कि 6 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आप सभी को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं। यह दिन एकजुटता और सार्वभौमिक भाईचारे का दिन है। यह लोगों को साथ लाय है। यह एकता के लिए एक शक्ति के रूप में उभरा है और मानवता के बंधनों को गहरा करता है। यह भेदभाव नहीं करता। यह जाति, रंग, विश्वास और वंश से परे है।

Post a Comment

0 Comments