पटना : कोरोनावायरस की महामारी से पूरा देश परेशान है। ऐसे में सरकार ने पूरे देश में लॉकडाउन का आदेश जारी कर रखा है । आपको बता दें कि बिहार में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए राज्यपाल सह कुलाधिपति फागू चौहान ने निर्देश दिया है कि प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में नामांकन की प्रक्रिया ऑनलाइन होगी।
बताया जा रहा है कि इसके साथ ही निबंधन कार्य भी समय पर पूरे किये जाएंगे। उन्होंने संबंधित विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की मौजूदगी में बीआरए बिहार विवि मुजफ्फरपुर, जेपी छपरा, मगध विश्वविद्यालय बोधगया और पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय पटना की शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा करने के बाद ये आदेश जारी किया।
कुलाधिपति के निर्देश के अनुसार ऑनलाइन डिग्री-वितरण एवं नेशनल एकेडमिक डिपोजिटरी की इफेक्टिवल व्यवस्था भी विश्वविद्यालयों को करनी होगी। सभी विश्वविद्यालय में वीडियो कांफ्रेंसिंग कक्ष तैयार होंगे और उन्हें अपने शिक्षण सामग्री को आनलाइन वेबसाइट पर अपलोड करने होंगे।
जानकारी के अनुसार राज्यपाल ने ये भी निर्देश दिए कि किसी भी विश्वविद्यालय में स्नातक प्रथम वर्ष में निर्धारित सीटों से अधिक एडमिशन नहीं लिए जाएं। ज्यादा एडमिशन पर कॉलेज के प्रिंसिपल पर कार्रवाई की जाए। साथ ही ये भी निर्देश दिए आनलाइन क्लासेस लेकर कोर्स पूरे किए जाएं।
उन्होंने कहा कि यूजीसी के मार्गनिर्देशों के अनसार सभी परीक्षाएं लेकर सितम्बर-अक्टूबर तक 2020 के सभी रिजल्ट घोषित हो जाएं ताकि अगले साल का सत्र समय पर शुरू हो सके।राज्यपाल ने कहा कि राज्य के विश्वविद्यालयों में परीक्षाओं के आयोजन, प्रश्न पत्रों के चयन और उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की समरूप व्यवस्था होनी चाहिए।
आपको यह बता दें कि बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन वर्मा ने मीडिया से खास बातचीत में इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि कोरोना वायरस के खतरे को ध्यान में रखते हुए फिलहाल बिहार में शैक्षणिक संस्थान पूरे जुलाई भर नहीं खोले जाएंगे।
कृष्णनंदन वर्मा ने कहा कि जुलाई महीने के अंतिम सप्ताह में शिक्षा विभाग समीक्षा बैठक करेगा, जिसमें इस बात का फैसला लिया जा सकता है कि बिहार में शिक्षण संस्थान यानी स्कूल-कॉलेज कब खुलेंगे।
उन्होंने कहा कि सभी जिलों के अभिभावकों छात्रों और संस्थान के निर्देशकों से सुझाव मांगे गए थे, जिसमें से अधिकांश सुझाव संस्थान खोलने की सहमति देने लायक नहीं थे। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने फिलहाल शिक्षण संस्थानों को नहीं खोलने का निर्णय लिया है।

0 Comments