जैसा कि आप सभी जानते हैं लद्दाख के गलवान घाटी में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई झड़प में चीन ने धोखे से भारतीय जवानो पर हमला बोला था। जिसमें 20 जवान बहादुरी से लड़ते हुए शहीद हो गए थे। इसे लेकर देशभर में गुस्से का माहौल था। आपको बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने इसे देखते हुए सर्वदलीय बैठक बुलाई थी जिसमें शामिल हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि चीन की हरकत पर पूरे देश में गुस्से का माहौल है। सभी लोग एकजुट हैं और इसका बदला लेना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि चीनी सामान हमारे पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं इसलिए ऐसे सामानों को देशवासी न खरीदें। जानकारी के अनुसार सीएम नीतीश ने भारत सरकार से इसके लिए नियमों की समीक्षा करने की भी जरूरत बताई।
चीनी उत्पादों का उपयोग न करें-नीतीश
मुख्यमंत्री ने कहा कि चीन से जो भी सामान अपने देश में आता है उसके कारण पर्यावरण को भी गंभीर संकट हो रहा है। खिलौने, इलेक्ट्रॉनिक आइटम भारतीय बाजार में भारी संख्या में बिक रहे हैं। उन्होंने कहा कि खिलौनों में प्लास्टिक का बहुत ज्यादा प्रयोग होता है। यह इको फ्रेंडली भी नहीं है। इससे पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। इलेक्ट्रॉनिक सामानों के कारण इलेक्ट्रॉनिक वेस्ट बढ़ रहा है जो पर्यावरण के लिए गंभीर संकट पैदा कर रहा है। सबसे बड़ी बात यह है कि चीन का उत्पाद टिकाऊ नहीं है। उन्होंने लोगों को कहा कि कम दाम होने की वजह से लोग इसे खरीद लेते हैं, लेकिन जरूत है कि ऐसे में हमलोगों चीनी उत्पादों की स्वदेशी सामानों को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री जी की प्राथमिकता सूची में भी है। इसलिए इसके लिए पूर्व के एग्रीमेंट पर केंद्र सरकार विचार करे।
नीतीश ने चीन की मंशा पर उठाए सवाल
सीएम नीतीश ने कहा कि भारत ने अपनी तरफ से हमेशा कोशिश की है कि चीन के साथ संबंध अच्छा हो। बचपन में भी हिंदी चीनी भाई-भाई का नारा सुना करते थे किंतु चीन का रवैया भारत के प्रति अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि दरअसल चीन को भारत से चिढ़ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सच्चाई जो भी हो आम धारणा यही है कि दुनिया में कोरोनावायरस वुहान के बायोलॉजिकल लैब से ही निकला और कुछ ऐसा हुआ कि वह पूरे विश्व में फैला है। कोरोनावायरस नेचुरल नहीं है क्योंकि इसका तापमान मौसम और क्षेत्र से कोई संबंध नहीं है।
शहीदों के सम्मान के लिए सबकुछ करेंगे
मुख्यमंत्री ने भारत चीन सीमा पर स्थित गलवान घाटी में शहीद हुए सभी जवानों के प्रति अपने और अपने पार्टी के तरफ से श्रद्धांजलि दी और कहा कि शहीद होने वाले 20 जवानों में से 5 जवान बिहार के थे। राज्य सरकार अपनी तरफ से शहीदों के सम्मान में उनके परिवार के लिए हर संभव मदद कर रही है। पूरे देश में इस घटना से आक्रोश है। यह देश की एकता एवं अखंडता का सवाल है। मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पूरा देश एकजुट है इसमें राजनीतिक दलों के बीच कोई मतभेद नहीं है।
चीन को दिया जाए करारा जवाब-सीएम
नीतीश कुमार ने कहा हमारा देश आगे बढ़े इसके लिए हम सब एकजुट है। यदि चीन अपमानित कर रहा है तो इसे बर्दाश्त करने की जरूरत नहीं है। अगर चीन भारत के भू-भाग पर कब्जा करने के बारे में सोचता है तो यह उसके लिए असंभव है। हम सभी को एकजुट रहना चाहिए। हम सभी दलों का कर्तव्य है कि एकजुट रहकर केंद्र का समर्थन करें। प्रधानमंत्री जी को जो निर्णय लेना है लें हम सभी उनके साथ हैं।

0 Comments