कोरोना वायरस की महामारी के बीच समाजवादी शिक्षक सभा के तत्वावधान में मंगलवार को वित्त विहीन शिक्षकों ने अस्सी घाट के बगल में गंगा में खड़े होकर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष संजय प्रियदर्शी के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में शिक्षकों ने कहा कि कोरोना संक्रमण के काल में सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में वित्त विहीन शिक्षकों का मानदेय भुगतान नहीं हो रहा है जिससे उनके समक्ष भुखमरी की समस्या आ गयी।
उन्होंने सरकार से कोरोना राहत निधि से मदद देकर वित्त विहीन शिक्षकों के मानदेय भुगतान की मांग की। प्रदर्शन में प्रमुख रूप से आशुतोष सिन्हा, रमाशांकर तिवारी, मोती चन्द्र सिंह, विजय शंकर राय, लक्ष्मण दुबे,जिला शिक्षक संघ उपाध्यक्ष निशांत सिंह आदि उपस्थित थे।
डीएलएड को मिले प्रथम वरीयता
बताया जा रहा है कि डीएलएड प्रशिक्षुओं ने परिषदीय विद्यालयों में सहायक अध्यापक के पदों पर होने वाली नियुक्तियों में प्रथम वरीयता की मांग की है। इस संबंध में डीएलएड संयुक्त प्रशिक्षु मोर्चा के पदाधिकारियों ने डीएम कार्यालय के अलावा जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन भी सौंपा है।जानकारी के अनुसार राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल, कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव को सौंपे ज्ञापन में कहा गया है कि प्राथमिक विद्यालयों में चल रही 69000 शिक्षक भर्ती रिक्तियों की संख्या और न बढ़ाई जाय। इसमें यह भी कहा गया है कि वर्ष 2017 बैच का डीएलएड प्रशिक्षण अक्टूबर 2019 में पूर्ण हो गया है। प्रशिक्षित डीएलएड सर्टिफिकेटधारी गत आठ माह से प्राथमिक में शिक्षक भर्ती की राह देख रहें हैं।
ऐसे में शिक्षकों की नई भर्ती में डीएलएड को प्रथम वरीयता देंं ताकि उनका भी चयन हो सके। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश अध्यक्ष रजत सिंह, विनीत श्रीवास्तव, आदर्श गुप्ता, दीपक यादव, गुड्डू प्रजापति, धीरज मौर्या सहित अन्य लोग शामिल थे।
दिव्यांगों की हो रही अनदेखी
दिव्यांगों ने परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में 69 हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया में अनदेखी का आरोप लगाया है। बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव को भेजे पत्रक में कहा गया है कि जिला आवंटन सूची में दिव्यांगों की पूरी तरह अनदेखी की गई है।

0 Comments