शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है । कोरोना की इस महामारी के बीच बिहार में प्राइमरी स्कूलों के बाद अब मिडिल स्कूलों में बंपर बहाली आने वाली है। सरकार जल्द ही मिडिल स्कूलों में 34 हजार शिक्षकों की नियुक्ति करेगी। शिक्षा विभाग की ओर से इसके लिए सारी तैयारी कर ली गई है। आपको यह बता दें कि पिछले सप्ताह ही सरकार ने बिहार में 94 हजार प्राइमरी शिक्षकों की बहाली की घोषणा की थी। बताया जा रहा है कि इसके लिए 15 जून से आवेदन भी मांगा गया है और अगस्त में बहाली प्रक्रिया पूरी कर लेनी है।
नियोजन प्रक्रिया को दिया गया अंतिम रूप
शिक्षा विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, बिहार की पंचायतों में स्थापित किए गए 2950 नए माध्यमिक विद्यालयों और 2475 उच्च माध्यमिक विद्यालयों में करीब 34 हजार शिक्षकों की नियुक्ति जल्द शुरू होने वाली है। शिक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नए हाईस्कूलों में सात विषयों में शिक्षकों की नियोजन प्रक्रिया संबंधी शेड्यूल को अंतिम रूप दे दिया गया है, लेकिन छठे चरण के लंबित 30 हजार माध्यमिक शिक्षकों के नियोजन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नया शेड्यूल जारी किया जाएगा। आपको बता दें कि छठे चरण के नियोजन में सिर्फ चयनित अभ्यर्थियों के बीच नियुक्ति पत्र बांटने का कार्य शेष है, जिसे नियोजन इकाइयों को पूरा करना है।
इन विषयों में होनी है नियुक्ति
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय से मिली जानकारी के मुताबिक नए माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में हिंदी विषय में 5425, अंग्रेजी में 5425, विज्ञान में 5425, गणित में 5425, सामाजिक विज्ञान में 5425, द्वितीय भारतीय भाषा (उर्दू, संस्कृत, मैथिली व बंंगला आदि) में 5791 और कंप्यूटर में 1000 शिक्षकों की नियुक्ति होगी। इन विषयों में शिक्षकों के कुल 33916 पद सृजित किए गए हैं।

0 Comments